गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर | जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग हत्या के मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दोनों घटनाएं थाना सन्ना और चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत 22 अक्टूबर को हुई थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त लाठी और टांगी भी जब्त कर ली है।
पहला मामला – सन्ना क्षेत्र: पत्नी की लाठी से हत्या
थाना सन्ना क्षेत्र के ग्राम मधुपुर कवई में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति ने गुस्से में अपनी पत्नी की लाठी से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
प्रार्थिया बुधनी बाई (32 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके ससुर सुखराम (58 वर्ष) ने मामूली विवाद के दौरान अपनी पत्नी मोहनी बाई के सिर पर अधजली लकड़ी से प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की। आरोपी सुखराम की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी भी जब्त की गई है।
दूसरा मामला – मनोरा क्षेत्र: जमीन विवाद में हत्या
चौकी मनोरा क्षेत्र के ग्राम सकरडीह में जमीन विवाद को लेकर कोसमोस तिर्की (40 वर्ष) ने अपने गांव के ही एक व्यक्ति विजेश्वर उर्फ विजय उरांव की टांगी से वार कर हत्या कर दी।
मृतक के पुत्र अनिल राम (32 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका पिता मवेशी चराने के बाद घर के पास बोरिंग के पास हाथ धो रहा था, तभी आरोपी टांगी लेकर पहुंचा और शराब के नशे में जमीन विवाद को लेकर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त टांगी जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही, हत्या में प्रयुक्त दोनों हथियार (लाठी व टांगी) भी बरामद किए गए हैं।



