सुकमा | सुकमा में आज 02वीं वाहिनी सीआरपीएफ परिसर से 17वीं ट्राइबल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तीसरे दिवस का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप महानिरीक्षक (परिचालन रेंज) आन्द सिंह राजपुरोहित ने हरी झंडी दिखाकर किया।
द्वितीय कमान अधिकारी विवेक सक्सेना के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के आदिवासी युवाओं और युवतियों को सीआरपीएफ और नेहरू युवा केंद्र, जगदलपुर के सहयोग से देश के विकसित राज्यों का भ्रमण कराया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं को देश के प्रगतिशील क्षेत्रों की संस्कृति, विकास और तकनीकी प्रगति से परिचित कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में विकास की दिशा में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों — दुलेर, चिंतागुफा, करीगुंडम, दोरनापाल, चिंतलनार, काकेरलंका और गादीरस — से आए 21 युवाओं और 8 युवतियों को चंडीगढ़ (पंजाब) भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान तथा नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस पहल से युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला।



