गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर/पत्थलगांव : जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र स्थित एक आवासीय विद्यालय में नाबालिग छात्रों से अनुचित स्पर्श (बेड टच) करने के आरोप में विद्यालय के चौकीदार निरंजन किस्पोट्टा (35 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विभागीय जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट 2012 की धारा 8 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 18 नवंबर को विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ने थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, छात्रों ने लिखित आवेदन देकर बताया था कि आरोपी चौकीदार उनके निजी अंगों को गलत तरीके से छूता है, जिससे वे असहज और असुरक्षित महसूस करते थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जशपुर ने 5 सदस्यीय जांच टीम गठित की, जिसने छात्रों के आरोपों की पुष्टि की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। वह जनवरी 2025 से विद्यालय में तैनात था और स्कूल परिसर में ही रहता था। पर्याप्त सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे सहित आरक्षक तुलसी रात्रे, आशीषन टोप्पो, पदुम वर्मा और कमलेश्वर वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की आगे जांच जारी है।



