विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से:-
बेमेतरा : आगामी नेशनल लोक अदालत के सुचारू और सफल संचालन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बेमेतरा द्वारा अधिकार मित्रों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरोज नंद दास, प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा ने की। इस अवसर पर अनिता कोशिमा रावटे, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बेमेतरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर विस्तृत चर्चा की गई। माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश ने निर्देशित किया कि राजीनामा योग्य सिविल एवं दाण्डिक प्रकरण, घरेलू हिंसा अधिनियम से संबंधित प्रकरण, धारा 138 परकाम्य लिखित अधिनियम (चेक बाउंस) के मामले, राजस्व प्रकरण, प्री-लिटिगेशन प्रकरण, जलकर, विद्युत बिल, टेलीफोन बिल से जुड़े मामले लोक अदालत के माध्यम से सस्ते, सरल और शीघ्र न्याय का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अतः अधिकार मित्र आमजन को आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराने हेतु प्रेरित करें।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लोक अदालत के लाभों की जानकारी पहुँचाने के लिए हाट-बाजार, चौक-चौराहे, बस स्टैंड एवं सार्वजनिक स्थलों पर बैनर/पोस्टर लगाए जाएं, संबंधित विभागों में जनजागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाए, डोर-टू-डोर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकार मित्रों को अधिक से अधिक प्रकरण लोक अदालत में प्रस्तुत कराने तथा आम जनता को इसके फायदे बताकर न्याय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



