गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर: जशपुर पुलिस ने अवैध धान तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए झारखंड से छत्तीसगढ़ में धान लाते हुए दो वाहनों को पकड़ लिया। इस कार्रवाई में कुल 12 टन 90 किलो धान जब्त किया गया। पकड़े गए वाहनों में एक टाटा आईसर ट्रक और एक पिकअप शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन चल रहा है, जिसके कारण सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान लाने की घटनाओं में वृद्धि हुई है। जशपुर जिले में जिला प्रशासन और पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों पर नाकाबंदी कर रखी है और 24 घंटे निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है।
25 नवंबर को थाना लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पोड़ी के रास्ते से झारखंड की ओर से एक टाटा आईसर ट्रक जशपुर की तरफ आ रहा है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक CG04-MT-0273 को रोका। जांच में ट्रक में 12.40 टन अवैध धान पाया गया। ट्रक चालक केश कुमार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का निवासी बताया गया, जबकि ट्रक का मालिक विश्वकर्मा पटेल था।
इसी तरह, ग्राम जोड़तेला के रास्ते से एक पिकअप वाहन क्रमांक JH-13G-7425 भी झारखंड से धान लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो 50 क्विंटल अवैध धान बरामद हुआ। वाहन चालक आनंद विनय कुमार और मालिक संजय प्रसाद दोनों झारखंड के निवासी बताए गए।

पुलिस ने दोनों वाहनों और अवैध धान को जिला प्रशासन को सौंप दिया है, जहां विधिवत कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के आरक्षक धर्मेंद्र कुमार, लक्ष्मण कुशवाहा, अमर बेक और सुनील कुमार एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों से कुल 12 टन 90 किलो अवैध धान जब्त किया गया और अग्रिम कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है।



