गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर : जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चला रही जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 क्विंटल धान से भरा एक पिकअप वाहन पकड़ा है। मामला चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र का है, जहां पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी।
सूत्रों के अनुसार, 30 नवंबर की शाम पुलिस बैरियर के पास वाहन चेकिंग चल रही थी, तभी सन्ना की ओर से आ रहा पिकअप (JH-07-M-9272) पुलिस को देखते ही अचानक मुड़कर वापस भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोक लिया।
तलाशी लेने पर पिकअप में 10 क्विंटल धान लदा मिला। वाहन चालक ने अपना नाम आनंद यादव (30 वर्ष) निवासी भादू, थाना सन्ना बताया। पूछताछ में वह धान के परिवहन से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। साथ ही उसने बताया कि वाहन उसी की मौजूदगी में उसके स्वामित्व में है।
वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने पिकअप वाहन और धान को जप्त कर अग्रिम जांच के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है। यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि धान कहां से लाया जा रहा था और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, एएसआई राज कुमार पैंकरा, प्रधान आरक्षक विनोद केरकेट्टा, आरक्षक बिलचियूस लकड़ा और मंगल राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में बाहरी राज्यों से धान की अवैध आवाजाही को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पंडरा पाठ क्षेत्र में पकड़ा गया यह मामला भी उसी निगरानी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखेगी।



