गणेश यादव जिला संवाददाता
जशपुर : जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिंजपुर में टोनही प्रताड़ना के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो बैगाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तंत्र-मंत्र के नाम पर मृत महिला को जिंदा करने का दावा कर हजारों रुपये ठगने और फिर एक निर्दोष महिला को टोनही बताकर हिंसा भड़काने का यह मामला सामने आया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैगाओं ने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए मृतका को जीवित करने का झांसा दिया और परिजनों से पैसे ऐंठे। बाद में जब रकम पूरी नहीं मिली, तो ग्राम भिंजपुर की निवासी फौसी बाई को टोनही बताकर उसे जादू-टोना करने का जिम्मेदार ठहरा दिया गया। इसके बाद आरोपियों और उनके साथियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे जबरन श्मशान घाट की ओर ले जाने का प्रयास किया।
घटना की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला से मारपीट और टोनही प्रताड़ना में शामिल आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मुख्य भूमिका निभाने वाले दो बैगा आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी।
मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जशपुर पुलिस ने रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में दबिश देकर फरार बैगाओं—कृपा चौहान और संतु राम चौहान—को उनके घरों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी और टोनही का झूठा आरोप लगाने की बात स्वीकार की।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि जादू-टोना और टोनही जैसे अंधविश्वास न केवल सामाजिक बुराई हैं, बल्कि गंभीर अपराध भी हैं। उन्होंने आम नागरिकों से ऐसे अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



