अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उमरिया दादर पचरा में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब जंगल से भटककर एक चिंकारा हिरन का मासूम शावक गांव में आ घुसा। गांव की गलियों में अचानक दिखाई देने पर आवारा कुत्तों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। डर से सहमा शावक अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा।
इस दृश्य को देख ग्रामीणों ने तुरंत शावक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक भयभीत होने के कारण वह किसी के हाथ नहीं आया। आखिरकार जान बचाने की आस में वह एक घर के भीतर जा घुसा, जहां ग्रामीणों की सूझ-बूझ और संवेदनशीलता से उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने चिंकारा शावक को जख्मी हालत में पाया। उसे तुरंत उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वन विभाग ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और ग्रामीणों की मानवता के चलते एक बेजुबान मासूम की जान बचाई जा सकी। यह घटना न सिर्फ मानवीय संवेदना का उदाहरण है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश देती है।



