अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर द्वारा “मनरेगा बचाओ संघर्ष” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे कमजोर करने का काम कर रही है। समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं हो रहा, काम के दिन घटाए जा रहे हैं और जानबूझकर तकनीकी अड़चनें डालकर गरीबों को उनके अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को खत्म करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी और जरूरत पड़ी तो सड़कों से लेकर विधानसभा तक संघर्ष किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनरेगा समन्वयक देवेंद्र सिंह (बाटू) ने कहा कि मनरेगा सिर्फ रोजगार योजना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के सम्मान और आत्मनिर्भरता का माध्यम है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण हजारों मजदूर बेरोजगारी की कगार पर पहुंच गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मनरेगा के प्रति जागरूकता फैलाएंगे और मजदूरों की आवाज़ बनेंगे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने कहा कि आज का यह संघर्ष कार्यक्रम सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि आने वाले बड़े आंदोलन की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों को उनका हक नहीं मिलेगा, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य नीरज जायसवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मनरेगा के बजट में लगातार कटौती कर गरीबों की थाली से निवाला छीना जा रहा है।
वहीं ब्लॉक समन्वयक शीतल जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर पंचायत में मनरेगा से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष पुष्पकांत कश्यप, रामगोपाल कहरा, मंदन कहरा,शिवानंद पाण्डेय, कुलदीप दुबे, रियाज़, राजा रावत, रवि रावत सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने भी अपने विचार रखे और सरकार की जनविरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कांग्रेसजनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
यह आयोजन रतनपुर में कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की स्पष्ट तस्वीर पेश करता



