विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से:-
केंद्रीय बजट 2026 में सरकार ने आम लोगों, किसानों, मध्यम वर्ग और उद्योग जगत के लिए कई महत्वपूर्ण राहतों और योजनाओं की घोषणा की है। बजट का फोकस टैक्स सरलीकरण, महंगाई नियंत्रण, रोजगार सृजन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देने पर रहा।
टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत
बजट में मध्यम वर्ग को सबसे बड़ी राहत देते हुए 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को पूरी तरह टैक्स फ्री कर दिया गया है। इसके साथ ही सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से नई इनकम टैक्स एक्ट लागू करने का ऐलान किया है, जिससे टैक्स नियमों को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा।
महंगाई पर काबू के प्रयास
सरकार ने महंगाई कम करने के लिए कई जरूरी वस्तुओं पर राहत दी है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रिक वाहन और मेडिकल उपकरणों को सस्ता करने की घोषणा की गई है। कैंसर समेत गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर भी कीमत घटने की उम्मीद है।
किसानों के लिए बड़ा ऐलान
किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सीमा 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। इससे किसानों को खेती और संबंधित जरूरतों के लिए ज्यादा वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
हेल्थकेयर को मिलेगा बढ़ावा
बजट 2026 में स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई है। देशभर में 5 रीजनल मेडिकल हब और मेडिकल वैल्यू टूरिज्म हब बनाने की घोषणा की गई है। इसके अलावा मेडिकल उपकरणों और दवाओं को सस्ता कर आम लोगों को राहत देने का प्रयास किया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और आवास
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए सरकार ने 12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिटुर का प्रावधान किया है। इसके तहत सड़क, रेल, शहरी विकास और आवास परियोजनाओं को गति मिलेगी। साथ ही 50 हजार सस्ते मकानों के निर्माण की भी घोषणा की गई है।
MSME और उद्योगों को सपोर्ट
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) को मजबूती देने के लिए 10,000 करोड़ रुपये का SME ग्रोथ फंड बनाया गया है। साथ ही क्रेडिट गारंटी कवर बढ़ाकर उद्योगों को आसान ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
सेमीकंडक्टर और नई तकनीक पर फोकस
भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के तहत 40,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा रेड अर्थ प्रोडक्शन को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठाने की घोषणा की गई है।
कुल मिलाकर बजट 2026 को विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी बताया जा रहा है, जिसमें आम जनता को राहत देने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने का रोडमैप पेश किया गया है।



