38वीं वाहिनी, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) ने अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक सघन नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छुपाकर रखे गए भारी जखीरे को बरामद किया गया।
38वीं वाहिनी के सेनानी रोशन सिंह असवाल के निर्देशन और अशोक कुमार सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी (2IC) के नेतृत्व में SAT टीम ने अबूझमाड़ के COB Jatloor, इलाका हॉवेल और डोंगरिपारा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले बारूद, डेटोनेटर, दवाइयां, बैनर और उपकरण जब्त किए गए।
ITBP अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी ने नक्सलियों की परिचालन क्षमता को करारा झटका दिया है। दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में जवानों की सतर्कता, सटीक सूचना संकलन और पेशेवर दक्षता ने इस अभियान की सफलता सुनिश्चित की।
38वीं वाहिनी ने स्पष्ट किया कि वह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह के सघन नक्सल विरोधी अभियान जारी रखे जाएंगे।




