सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय कोहकामेटा में अध्ययनरत 150 विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय परिसर पूरी तरह सुरक्षित है और विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
विद्यालय भवन का समय-समय पर निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। बारिश के दौरान जिन कमरों में हल्की सीपेज की समस्या सामने आई थी, उसे तत्परता से दूर कर दिया गया है तथा दीवारों की दरारों की मरम्मत भी सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। वर्तमान में सभी कक्ष सुरक्षित और उपयोग के लिए पूर्णतः उपयुक्त हैं।
विद्यालय में स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां 3 बालक एवं 3 बालिका शौचालय पहले से संचालित हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती। साथ ही 6 बालक एवं 6 बालिका शौचालयों का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है, जो शीघ्र ही पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को और बेहतर सुविधा प्रदान करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों को आश्वस्त किया गया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।



