अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना रतनपुर परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व थाना प्रभारी नीलेश पांडे, प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी एवं तहसीलदार शिल्पा भगत ने संयुक्त रूप से किया।

बैठक में नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, धार्मिक प्रमुखों एवं व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की भी समझाइश दी गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा गश्त बढ़ाई जाएगी। डीजे, जुलूस मार्ग, नमाज स्थल एवं होलिका दहन स्थलों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
तहसीलदार ने कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर पर्वों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।



