गणेश भोय ब्यूरो चीफ :-
रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस को “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने दो लापता नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
18 फरवरी से थीं लापता
21 फरवरी को जोबी क्षेत्र की 14 एवं 15 वर्षीय दो नाबालिग बालिकाओं के 18 फरवरी से लापता होने की रिपोर्ट थाना छाल में दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 26/2026 एवं 27/2026 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता में अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने परिजनों और सहेलियों से पूछताछ तथा सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया। जांच के दौरान राजमिस्त्री का कार्य करने वाले संदेही सीताराम सारथी के साथ बालिकाओं को अंतिम बार देखे जाने की जानकारी मिली।
सन स्टील प्लांट क्षेत्र से बरामद
तलाश के दौरान सूचना मिली कि दोनों बालिकाएं घरघोड़ा क्षेत्र स्थित सन स्टील प्लांट, टेंडा नवापारा में देखी गई हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर दोनों को सकुशल दस्तयाब किया। बालिकाओं ने बताया कि आरोपी पहले उनके गांव में काम करने आया था और काम दिलाने व अच्छे से रखने का झांसा देकर उन्हें अपने साथ अनूपपुर (मध्यप्रदेश) ले गया था।
आरोपी गिरफ्तार
मामले में धारा 18 सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी सीताराम सारथी (उम्र 35 वर्ष), निवासी पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऑपरेशन मुस्कान की उपलब्धि
फरवरी माह में दर्ज गुमशुदगी मामलों में 4 बालक एवं 12 नाबालिग बालिकाओं की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। माह के दौरान कुल 17 नाबालिगों को पुलिस द्वारा सकुशल बरामद किया जा चुका है। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत रायगढ़ पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।
एसएसपी का संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा,
“अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें किसी के बहकावे में आने से बचाएं। महिला एवं बाल अपराधों में रायगढ़ पुलिस त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करती रहेगी।”



