अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने फरार आरोपियों, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों तथा आदतन बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।
इसी क्रम में थाना रतनपुर में दर्ज नाबालिग से छेड़छाड़ के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी रामू मरपच्ची (21 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा डुबान थाना पाली, पर ग्राम मरहीकाँपा थाना कोटा की एक नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ का आरोप था। घटना के दिनांक से ही वह फरार था। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए उसके निवास स्थान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वहीं अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवापारा चौक स्थित एक दुकान में रेड कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान आरोपी लव कुमार साहू उर्फ विक्की साहू, निवासी नवापारा रतनपुर, के कब्जे से लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे भी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया।
इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र में सक्रिय तीन गुण्डा एवं आदतन बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही विभिन्न प्रकरणों में लंबित पांच स्थायी वारंटों की तामिली करते हुए संबंधित वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में उपनिरीक्षक मेलाराम कठौतिया, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, दिनेश कांत, आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे, संजय यादव, शशीकांत कौशिक एवं पंचराम रजक का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें।



