सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। जिला एथलेटिक्स संघ नारायणपुर के तत्वावधान में आयोजित ‘कन्या आत्मरक्षा जूडो-कराटे प्रशिक्षण सेमिनार’ का आज गरिमामय समापन हुआ। इस शिविर में नारायणपुर के विभिन्न दूरस्थ गांवों से आई युवतियों ने बड़े उत्साह के साथ आत्मरक्षा की तकनीकें सीखीं।
प्रमुख अतिथियों द्वारा उत्साहवर्धन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि नारायण मरकाम (अध्यक्ष, जिला पंचायत) ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बेटियों का आत्मनिर्भर और निडर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला एथलेटिक्स संघ की सराहना की।
इस अवसर पर सन्त उसेंडी (सदस्य), मती हिना नाग और सु लता कोर्राम ने भी उपस्थित होकर युवतियों का मनोबल बढ़ाया। प्रशिक्षक राकेश कांडे ने प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को संकट के समय बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
आयोजन की सफलता
जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष गौतम एस. गोलछा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ भविष्य में भी युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे शिविर आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सचिव जी.पी. देवांगन ने सभी अतिथियों, प्रबुद्ध नागरिकों और प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया।



