प्रदेश पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्नेहिल मिलन में दिखा संगठन की ताकत
नारायणपुर – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ द्वारा जिला मुख्यालय स्थित शंकर मैरिज हॉल में भव्य एवं स्नेहिल मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया, जहां एकता, समर्पण और उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर महिला कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया और पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
अतिथियों का आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम में संघ के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के संभाग अध्यक्ष डॉ. अभिषेक बैनर्जी, जिला महासचिव डे नारायण बघेल, सचिव दिनेश रजक, उपाध्यक्ष सूरत सरकार एवं सुखमन कचलाम की गरिमामय उपस्थिति रही।
“संघ एक परिवार, हर सुख-दुख में साथ” – डॉ. मिरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी संघ एक परिवार की तरह है, जो हर सदस्य के सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संघ की तीन प्रमुख मांगों को पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष छह मांगों के समाधान के लिए शासन स्तर पर निरंतर संवाद जारी है।डॉ. मिरी ने जानकारी दी कि ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, चिकित्सा परिचर्या और नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगों के लिए शासन स्तर पर समिति का गठन किया गया है। डबल इंजन सरकार से कर्मचारियों को काफी उम्मीदें हैं, साथ ही “मोदी की गारंटी” और सरकार के घोषणा पत्र में भी इन समस्याओं के समाधान का उल्लेख किया गया है,संघ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि पूर्व आंदोलनों के दौरान किए गए आश्वासनों को प्रदेश के वरिष्ठ नेता—पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, केदार कश्यप सहित जनप्रतिनिधि अवश्य पूरा करेंगे।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित,संगठन की एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, महासचिव कौशलेश तिवारी, पुरन दास, डॉ. आलोक कुमार शर्मा, दिनेश खर्कवाल, संगीता ब्रह्मनोटिया, जिलाध्यक्ष प्रदीप देवांगन, जयदीप देवांगन, चुन्नू लाल बेलसरिया, प्रशांत ठाकुर, माहेश्वरी साहू, सतीश उसेंडी, अल्का साहू, भावना साहू, अनुराधा प्रशांत ठाकुर, प्रशांत अधिकारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।यह आयोजन न केवल आपसी मेल-मिलाप का मंच बना, बल्कि कर्मचारियों की एकजुटता, अधिकारों के प्रति जागरूकता और संगठन की मजबूती का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।



