गणेश भोय ब्यूरो चीफ
विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम पंचायत तमता में इन दिनों आस्था और भक्ति की अविरल धारा बह रही है। अवसर है प्रतिवर्ष की भाँति आयोजित होने वाले ‘अखण्ड विष्णु नाम संकीर्तन (अष्ट प्रहरी) महायज्ञ’ का, जिससे पूरा ग्रामीणांचल और आसपास का क्षेत्र “हरे कृष्ण-हरे राम” के महामंत्र से गुंजायमान हो उठा है।
यज्ञ के मुख्य कर्ता श्री चंद्रमणि यादव , मनीष शर्मा, रोहित वैष्णव ने बताया कि ग्राम की सुख, शांति, समृद्धि और मंगल कामना के उद्देश्य से इस भव्य यज्ञ का आयोजन हर वर्ष बड़े ही धूमधाम से किया जाता है। इस वर्ष भी संपूर्ण ग्रामवासी और अखंड संकीर्तन मंडली के सहयोग से इस धार्मिक अनुष्ठान को पूर्ण किया जा रहा है।
कलश यात्रा के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंगलवार (31 मार्च) को कलश यात्रा के साथ हुआ। जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप से गाजे-बाजे के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या अंग में महिलाएं, बालिकाएं और पुरुष शामिल हुए।
यह यात्रा बाजार पारा, बस्ती पारा और ब्राह्मण पारा होते हुए गांव के मुख्य तालाब पहुंची।
और तालाब से जल भरकर कलश को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया, जिसके पश्चात ‘अधिवास’ का पूजन संपन्न हुआ।
24 घंटे का अखंड महामंत्र जाप
बुधवार (1 अप्रैल) की सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। ओडिशा से आए प्रसिद्ध यज्ञाचार्य श्री कृष्ण चंद्र महाराज जी के सानिध्य में महामंत्र “हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे। हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे।।” का जाप शुरू हुआ।
ओडिशा और स्थानीय क्षेत्रों की विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा निरंतर 24 घंटे तक परिक्रमा करते हुए नाम जाप किया जा रहा है।
मंत्रों की मधुर गूंज ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है, जिसमें श्रद्धालु भाव-विभोर होकर पूजन-अर्चन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में गुरुवार (2 अप्रैल) को चैत्र शुक्ल पक्ष पूर्णिमा के अवसर पर पूर्णाहुति दी जाएगी। इसके पश्चात:
कीर्तन मंडली द्वारा भव्य नगर भ्रमण किया जाएगा।
दही भंजन की रस्म निभाई जाएगी।
अंत में विशाल भंडारा (महाप्रसाद) का वितरण होगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में अखंड संकीर्तन मंडली तमता एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा है। भारी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु प्रभु नाम का स्मरण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।





