जिला -सवांदाता लाल बहादुर यादव कि रिपोर्ट*
जिला सुरजपुर छ.ग
*- 18 से 45 वर्ष की महिलाएं उठा सकती हैं लाभ, आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई*
*सूरजपुर/20 मई 2026/* जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में लाइवलीहुड कॉलेज सूरजपुर द्वारा क्षेत्र की महिलाओं एवं युवतियों को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कॉलेज प्रशासन द्वारा महिलाओं के लिए कंप्यूटर (डाटा एंट्री ऑपरेटर), ब्यूटी पार्लर (असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट) एवं सिलाई (सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर) के शॉर्ट-टर्म कोर्सेज के नए बैच की शुरुआत की जा रही है। उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है।
*तीन प्रमुख पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रशिक्षण:-*
लाइवलीहुड कॉलेज द्वारा संचालित इन पाठ्यक्रमों में महिलाओं को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण दिया जाएगा। एडवांस सिलाई एवं फैशन डिजाइनिंग कोर्स के अंतर्गत आधुनिक सिलाई, कटिंग तथा बुटीक मैनेजमेंट की बारीकियां सिखाई जाएंगी। ब्यूटी पार्लर कोर्स में मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर एवं स्वयं का पार्लर संचालित करने का संपूर्ण हुनर प्रदान किया जाएगा। वहीं कंप्यूटर ट्रेनिंग के तहत बेसिक कंप्यूटर, एमएस ऑफिस, इंटरनेट एवं डिजिटल कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
*प्रशिक्षण की प्रमुख विशेषताएं:-*
प्रशिक्षणार्थियों से किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कोर्स पूर्ण करने पर शासन द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने अथवा रोजगार प्राप्त करने हेतु उचित मार्गदर्शन एवं ऋण सहायता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। समस्त प्रशिक्षण अनुभवी एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रायोगिक आधार पर दिया जाएगा।
*पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज:-*
प्रशिक्षण हेतु आवेदन करने वाली महिलाओं की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता कोर्स के अनुसार न्यूनतम 8वीं/10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन के समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची एवं 2 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना आवश्यक है।
*पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश:-*
सीटें सीमित होने के कारण प्रवेश ‘पहले आओ, पहले पाओ‘ के आधार पर दिया जाएगा। ग्रामीण एवं जरूरतमंद महिलाओं को विशेष प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
*आवेदन हेतु संपर्क:-*
इच्छुक महिलाएं एवं युवतियां अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति सहित लाइवलीहुड कॉलेज, सूरजपुर में कार्यदिवसों में प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक संपर्क कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा अपील की गई है कि क्षेत्र की अधिकाधिक महिलाएं एवं युवतियां इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाकर हुनरमंद एवं आत्मनिर्भर बनें।



