*”एके नंबर – सब्बो बर” के उद्देश्य के साथ जनसुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती*
🔹 *पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं आपदा प्रबंधन सेवाएं अब और अधिक त्वरित एवं प्रभावी*
जनसुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में नारायणपुर पुलिस द्वारा आज “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा वाहन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नारायणपुर श्री रॉबिंसन गुड़िया एवं मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर डायल-112 वाहन को रवाना किया गया।
इस अवसर पर पार्षद श्री संजय नंदी, श्रीमती रमशीला नाग, श्रीमती संगीता जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुशील नायक सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि “एके नंबर – सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित CG Dial-112 सेवा आम नागरिकों को एक ही नंबर पर पुलिस, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं आपदा प्रबंधन जैसी आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराएगी। यह सेवा सड़क दुर्घटना, स्वास्थ्य आपातकाल, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, आगजनी, अपराध, विवाद अथवा अन्य किसी भी संकट की स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने बताया कि नेक्स्ट जेन CG Dial-112 सेवा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। सेवा में उपयोग किए जा रहे वाहन स्मार्टफोन, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस रेडियो कम्युनिकेशन एवं कैमरों से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी। कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के आधार पर निकटतम वाहन को तत्काल रवाना किया जाएगा, जिससे रिस्पॉन्स समय में उल्लेखनीय सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तारित की जा रही यह सेवा नागरिकों को सुरक्षित, त्वरित एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डायल-112 सेवा विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
नारायणपुर पुलिस आधुनिक एवं संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से आमजन की सुरक्षा, विश्वास एवं सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। डायल-112 सेवा का संचालन पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।



