समाज भवन हेतु 10 लाख की घोषणा
अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। ग्राम पोंडी शंकर में छत्तीसगढ़ कहरा समाज का तीन दिवसीय महासभा सम्मेलन गुरुवार 28 मई 2026 को भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। 26 मई से 28 मई तक आयोजित इस सम्मेलन में सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज को आगे बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा देने के लिए शिक्षा और सामाजिक एकता सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की वास्तविक ताकत है और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी प्रेरित करता है।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य शासन की उड़ान एवं शिखर जैसी योजनाओं का लाभ समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को अवश्य लेना चाहिए। उन्होंने समाज के युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन पुस्तिका निःशुल्क उपलब्ध कराने की बात भी कही।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री चौधरी ने समाज के सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की अनुदान राशि स्वीकृत करने की घोषणा की तथा समाज उत्थान के लिए तत्काल 1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, अमर सुल्तानिया तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कहरा समाज के अध्यक्ष मुकेश राकेश ने की।
इस अवसर पर समाज उपाध्यक्ष गेंदलाल कटकवार, महासचिव हरिहर आदित्य, सचिव खिलावन आदित्य, अशोक आदित्य, कोषाध्यक्ष कमल जलतारे, मीडिया प्रभारी शिवमोहन बघेल, रवि कटकवार सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी स्वजातीय बंधुओं से सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज उत्थान के लिए निरंतर सहयोग की अपील की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



