अमित दुबे की रिपोर्ट
बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम धौराकोना में रेड मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 210 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और बर्तन जब्त किए हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 67 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत की गई। सीपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धौराकोना में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्रामीणों की वेशभूषा में योजनाबद्ध तरीके से रेड कार्रवाई की, ताकि आरोपियों को पुलिस की भनक न लग सके।
पुलिस की रणनीति सफल रही और टीम सीधे उस स्थान पर पहुंची जहां अवैध शराब बनाई जा रही थी। मौके पर पुलिस ने पंचराम धनुहार (45 वर्ष) पिता स्वर्गीय मंगलू राम धनुहार एवं बहोरन सिंह धनुहार (30 वर्ष) पिता स्वर्गीय शुक्रवार सिंह, दोनों निवासी ग्राम धौराकोना थाना सीपत जिला बिलासपुर को रंगे हाथों अवैध शराब बनाते गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 210 लीटर कच्ची महुआ शराब, चार बड़े एल्यूमिनियम डेचका तथा पाइप लगे दो कोपरा सहित अन्य शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




