गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में जशपुर पुलिस ने तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि समाज में दोबारा शामिल करने के लिए उससे 2 लाख रुपये मांगे गए थे। इसमें से 1 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों से ट्रांसफर किए गए थे। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बटुराबहार निवासी गोपाल बंजारा (31) ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया था। उसने आरोप लगाया कि समाज से बहिष्कृत किए जाने के बाद दोबारा समाज में शामिल होने के लिए आवेदन किया था। इस दौरान समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा, वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा पर रुपये मांगने का आरोप लगाया गया।
परिवाद के मुताबिक, समाज में दोबारा शामिल करने के लिए शेखर बंजारा को 2 लाख रुपये देने की बात कही गई थी। पीड़ित ने 23 सितंबर 2022 को अपने भारतीय स्टेट बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से 60 हजार रुपये शेखर बंजारा के खाते में ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा, अपने मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से 40 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। पीड़ित ने इसके बाद भी दोबारा रुपये मांगे जाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय में परिवाद पेश किया था।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला
न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के आदेश पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध दर्ज किया गया। घटनास्थल पत्थलगांव थाना क्षेत्र में होने के कारण मामला आगे की कार्रवाई के लिए थाना पत्थलगांव भेजा गया। यहां अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2), 3(5) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1955 की धारा 7(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई। इसके बाद नामजद आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा (32), निवासी बटुराबहार (गौटियापारा), थाना पत्थलगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी को 13 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा शामिल करने के नाम पर रुपये मांगने के मामले में तत्कालीन अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की कार्रवाई और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




