रिपोर्टर – योगेश्वर साहू:-
गरियाबंद। तमिलनाडु के कोयंबटूर में 7 से 11 अक्टूबर तक आयोजित 5वीं राष्ट्रीय स्पोर्ट्स गेम प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 1300 खिलाड़ियों के साथ पड़ोसी देश श्रीलंका के 70 खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ के 75 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 52 पदक अपने नाम किए, जिसमें 20 गोल्ड, 16 सिल्वर और 16 कांस्य पदक शामिल हैं।
गरियाबंद के शिक्षक ने जीता गोल्ड –
इसी क्रम में गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुरमुरा के शिक्षक प्रेम सिंह नागेश ने शानदार खेल दिखाया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में उन्होंने 100 मीटर, 200 मीटर, लंबी कूद और 110 मीटर हर्डल्स में हिस्सा लिया और 110 मीटर हर्डल्स में गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
वहीं रायपुर जिले से स्विमिंग में सुमन यादव ने 55 प्लस वर्ग में 2 गोल्ड और 2 कांस्य पदक जीते, जबकि जीएसटी विभाग में पदस्थ चेतन ध्रुव ने 40 वर्ष आयु वर्ग में 3 गोल्ड मेडल जीते।
इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ संघ के अध्यक्ष नबी मोहम्मद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।




