रिपोर्ट – योगेश्वर साहू
राजिम (छुरा)। ग्राम पंचायत फूलझर में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर नौ कन्या पूजन, संध्या वंदन एवं माता की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधायक रोहित साहू शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री साहू ने कहा कि मुरमुरा से झरझरा एवं घटारानी से जतमई पहाड़ी तक सड़क निर्माण की मांग क्षेत्र की पुरानी मांग है। इस सड़क के निर्माण से न केवल आम ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि घटारानी-जतमई धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। शासन स्तर पर इस मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम में स्कूल भवन में अतिरिक्त कक्ष, शीतला मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन, सीसी रोड एवं गौरव मंच निर्माण की घोषणा की। साथ ही स्थानीय लोक कलाकार को जनसंपर्क मद से 15 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
विधायक ने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र के 256 गांवों में से 50 से अधिक ऐसे गांव थे जहां पहले कभी कोई जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा था। प्रत्येक गांव तक पहुंचकर जनसमस्याओं का निराकरण करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार गरीब कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन वितरण, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये, किसान सम्मान निधि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि विधायक रोहित साहू लगातार क्षेत्र का दौरा कर जनसमस्याओं का निराकरण कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है।
इस अवसर पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष डिहु राम साहू, उपाध्यक्ष ईश्वर यादव, कोषाध्यक्ष दिनेश ध्रुव, सचिव रूपेश कुमार ध्रुव, संरक्षक चैतु राम ध्रुव, ग्राम पटेल तारण सिंह ध्रुव, फगेश्वर साहू, सरपंच संतोष दिवान, उपसरपंच हेमलाल यादव, पंचायत सचिव ममता साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।




