बैकुंठपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, छत्तीसगढ़ प्रांत के माननीय प्रांत प्रचारक श्री अभय राम जी के पावन सान्निध्य में आज कोरिया विभाग के विभाग कार्यालय केशव कुंज, बैकुण्ठपुर में श्री गुरुजी वाचनालय का शुभारंभ किया गया।
वाचनालय का उद्घाटन दीप प्रज्जवलन एवं पूज्य श्री गुरुजी के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि —
“स्वाध्याय ही स्वयंसेवक का प्राण है। श्री गुरुजी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र साधना और व्यक्तित्व निर्माण के लिए समर्पित था। यह वाचनालय कोरिया जैसे वनांचल क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों में वैचारिक जागरण और पठन संस्कृति को बढ़ाएगा तथा संघ विचार को जन-जन तक पहुँचाने का केंद्र बनेगा।”

वाचनालय में संघ साहित्य, राष्ट्र-चिंतन, इतिहास, साहित्य एवं समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तकें विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध रहेंगी।
तत्पश्चात शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर कार्यालय परिसर में कन्या पूजन का आयोजन किया गया। प्रांत प्रचारक जी ने स्वयं 9 कन्याओं का पूजन, तिलक एवं पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:” की परंपरा है और कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है।




