याद राम की रिपोर्ट :-
गुंडरदेही। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही की मासिक बैठक साहू सदन में आयोजित हुई। बैठक में बिजली आंदोलन के तहत वितरित आवेदन पत्रों को घर-घर जाकर भरवाने के कार्य की समीक्षा की गई। इसके बाद मतदाता सूची में पारदर्शिता, निर्वाचन आयोग की जवाबदेही और मताधिकार की रक्षा की मांग को लेकर कांग्रेसजनों ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत बाइक रैली निकाली।
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां कांग्रेसजनों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक वाचन किया और राष्ट्रगान गाया। इसके बाद धमतरी चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।
मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कचरू साहू ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बाइक रैली निकाली गई है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत छूटे हुए एवं नए पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों और बूथ लेवल एजेंटों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण करने, पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठने वाले सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को एआईसीसी ऑब्जर्वर राजेश ठाकुर का राजीव भवन, बालोद में आगमन होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से उपस्थित होने का आग्रह किया।
निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद: विधायक निषाद
गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद हैं। प्रत्येक नागरिक को बिना भेदभाव अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। मतदाता सूची की शुद्धता, निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना और प्रत्येक नागरिक के मत की समान महत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष संजय बारले, महामंत्री भोजराज साहू एवं सलीम खान, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस जिलाध्यक्ष केके राजू चंद्राकर, डॉ. नारायण साहू, संजय साहू, नुरुल्ला खान, सुचित्रा हेमंत साहू, संतोष निषाद, रूपचंद जैन, अभिषेक यादव, पवन सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि तरुण पारकर, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष उस्मान रजा, जनपद सदस्य ममता सेन, पार्षद फैज बख्श, नगर कांग्रेस अध्यक्ष लालू सोनकर सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




