इंदौर मध्यप्रदेश| मध्यप्रदेश के उज्जैन में सड़क किनारे हुई रेप की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद अब इंदौर में भी एक लड़की के साथ सड़क किनारे रेप करने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि लड़की की चीखने की आवाज सुनकर जागरूक लोग वहां पहुंच गए और जबरदस्ती कर रहे युवक को पकड़कर युवती को उसके चंगुल से बचा लिया। आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घटना शहर के विजयनगर इलाके में रविवार सुबह की है।
मॉर्निंग वॉक पर निकली थी लड़की
इंदौर शहर के विजयनगर इलाके में रविवार की सुबह एक लड़की मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। इसी दौरान एक युवक उसे पकड़कर रोड के किनारे लगी झाड़ियों में ले गया। आरोपी ने युवती के जबरदस्ती करने की कोशिश की और उसके कपड़े फाड़ने लगा। घबराई युवती ने चिल्लाया तो सैर पर निकले दूसरे लोग आवाज सुनकर तुरंत झाड़ियों के पास गए और जब झाड़ियों में जाकर देखा तो युवक युवती से जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
जागरूक लोगों ने समझदारी दिखाई और पहले तो एकजुट होकर आरोपी युवक को पकड़ा और युवती को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी युवक का नाम सोहेल बताया गया है जो कि तुलसी नगर का रहने वाला है। आरोपी इवेंट मैनेजर है और उसके मोबाइल में पुलिस को कई लड़कियों के फोटो और वीडियो मिले हैं। उसके पास कई लड़कियों को मोबाइल नंबर भी हैं। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



