अमित दुबे की रिपोर्ट:-
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही. प्रदेश के मरवाही वनमंडल के वन परिक्षेत्र में एक बार फिर भालू ने हमला कर दिया. भालू ने आज (शुक्रवार) शाम एक 13 साल की बच्ची के चेहरे को अपने नाखूनों से बुरी तरह से नोच डाला, जिससे मासूम की मौत हो गई. भालू का हमला इतना खतरनाक था कि बच्ची के चेहरे का पूरा नक्शा ही बदल गया.
दरअसल यह पूरा मामला मरवाही के बेलझिरिया ग्राम के डोंगराटोला का है। बिहान लाल केवट की 13 साल की बच्ची विद्या केवट अपने घर से खेत की ओर बकरी चराने गई थी। इस दौरान शाम को बच्ची का सामना जंगली भालू से हो गया। भालू ने उस पर घातक हमला करते हुए चेहरे और पीठ को बुरी तरह से नोच दिया। जिससे मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई।
बता दें, मरवाही वन मंडल क्षेत्र में बीते महीने में भालू के हमले की 1 दर्जन से ज्यादा घटना हो चुकी है. घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है. भालूओं के हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण लगातार वन विभाग से अपनी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं.



