डे नारायण सिंह बघेल की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | युवा एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, और शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर, बस्तर के निर्देशन में शासकीय स्वामी आत्मानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय नारायणपुर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया गया। यह अभियान “स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता” की थीम पर आधारित था। गांधी जयंती के अवसर पर समापन समारोह में मुख्य अतिथि वासु जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सखा राम कुंजाम ने स्वागत भाषण में स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि जैन ने अपने उद्बोधन में स्वच्छता अभियान की शुरुआत और नारायणपुर में शिक्षा की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं और शिक्षकों से शिक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने “जाबो वोटर” कार्यक्रम के अंतर्गत सभी 18 वर्ष से अधिक उम्र के छात्रों को आगामी नगर पालिका आम चुनाव और पंचायत चुनाव में अनिवार्य रूप से अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का आग्रह किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित शिक्षकों और छात्रों को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई।
इस आयोजन में छात्रों ने रंगोली, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। एम.एस.सी. की वंदना कुमेटी ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में गीता और भाषण प्रतियोगिता में भूपेंद्र कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस कार्यक्रम के दौरान एन.एस.एस. के जिला संगठक अधिकारी भगवान दास चांडक, महाविद्यालय एन.एस.एस. प्रभारी विकास चंद्र विशाल, वाणिज्य विभाग के संतोष कुमार राव, कीड़ा अधिकारी सावन कुमार पडोटी, कंप्यूटर विभागाध्यक्ष संदीप कुमार, डॉ. विजय लाल तिवारी, डॉ. विजेत्री विक्रम सिंह सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।



