अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। हाईकोर्ट के आदेश से नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालाबों को सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त किया गया है, लेकिन इसके बावजूद नटेश्वर तालाब में चोरी-छुपे मछली मरवाने और नेटिंग की गतिविधियाँ फिर से शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस का जिला महामंत्री वादिर खान ने आरोप लगाया है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संरक्षण में यह अवैध कार्य चल रहा है। रात के अंधेरे में तालाब में जाल डालकर मछलियों का शिकार किया जा रहा है, जिससे तालाब की जैव विविधता और स्थानीय लोगों की भावनाओं को ठेस पहुँच रही है।
यह कोई पहली बार नहीं है। इससे पहले भी रत्नेश्वर सहित अन्य तालाबों में इसी तरह मत्स्य आखेट कर मछलियों को बाजार में बेचा गया था।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले को लेकर बहुत जल्द क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा जिला कलेक्टर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। लोगों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय समाजसेवियों और पर्यावरण प्रेमियों ने भी इस विषय पर चिंता जताई है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की माँग की है ताकि तालाबों की पवित्रता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।



