सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर | भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 29वीं वाहिनी द्वारा दिनांक 04 अगस्त 2025 को नारायणपुर जिले के सीओबी धनोरा क्षेत्र में “एक पौधा माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देना एवं स्थानीय समुदाय में पर्यावरणीय चेतना का संचार करना था। यह पहल 29वीं वाहिनी के कमांडेंट दुष्यंत राज जयसवाल एवं द्वितीय कमान अधिकारी दीपक सेमल्टी के मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई।
इस कार्यक्रम का संचालन सहायक कमांडेंट हेमराज सिंह द्वारा किया गया, जिसमें आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्कूलों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को पौधारोपण के महत्व, पौधों की देखभाल एवं पर्यावरणीय संतुलन की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को वृक्षों की उपयोगिता एवं उनके संरक्षण हेतु प्रेरित भी किया गया।
आईटीबीपी के जवानों द्वारा इस अभियान के अंतर्गत कटहल, आम, अमरूद, आँवला आदि जैसे 100 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम ‘हरित भारत’ एवं ‘स्वच्छ भारत मिशन’ की भावना को सुदृढ़ करता है और बल तथा स्थानीय समाज के मध्य सौहार्द एवं विश्वास को भी मजबूत करता है। कार्यक्रम उपरांत सभी आमंत्रित अतिथियों हेतु जलपान की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर निरीक्षक संतोष कुमार झा, निरीक्षक राजकिशोर, थाना प्रभारी धनोरा सत्यवान सिंह, समस्त हिमवीर, स्थानीय विद्यालयों के शिक्षकगण, विद्यार्थी, ग्रामीणजन एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। यह आयोजन न केवल पर्यावरणीय दृष्टिकोण से सराहनीय रहा, बल्कि आईटीबीपी के सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनशीलता का भी एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।



