अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मंगलवार की दोपहर करीब चार बजे रतनपुर थाना क्षेत्र के लखराम मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक (क्रमांक CG 10 AZ 3836) में सवार होकर दो युवक बिलासपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे रानीगांव चौक के पहले लखराम मोड़ पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी वाहन ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा युवक सड़क किनारे गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया।

मृतक और घायल युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है, लेकिन बताया जा रहा है कि दोनों युवक तखतपुर क्षेत्र के बेलसरी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने लखराम मोड़ पर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यह मोड़ अंधा मोड़ है और यहां अकसर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
रतनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से भागे ट्रेलर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक को ट्रेस कर कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।



