
अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। वार्ड नंबर 12 के खाले पारा में परंपरागत उल्लास और उत्साह के साथ भोजली तिहार का आयोजन किया गया। हर साल की तरह इस साल भी यहां बच्चों के बीच भोजली तिहार प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें बच्चों ने बड़े जोश और उमंग के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद हकीम मोहम्मद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पार्षद हकीम मोहम्मद ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और पारंपरिक पर्व न केवल हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं।
स्थानीय लोगों ने मुख्य अतिथि का कार्यक्रम में शामिल होने और बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में और अधिक लोग इस तिहार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे, जिससे परंपरा और भी मजबूत होगी।



