मुकेश सिंह राजपूत जिला ब्यूरो चीफ :-
गरियाबंद | जंगलधवलपुर के बाकड़ी पैरी नदी में उच्च स्तरीय पुल निर्माण के संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने वस्तुस्थिति की जानकारी दी है। लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण उपसंभाग गरियाबंद से प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगलधवलपुर-जरनडीह मार्ग पर पैरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण हेतु वित्तीय प्रावधान किया जा चुका है। वर्ष 2025-26 की मांग संख्या 42/5054 (4149) वृहत् पुलों का निर्माण के अंतर्गत इस कार्य के लिए 92 लाख 40 हजार रुपये की राशि सम्मिलित है। वर्तमान में तकनीकी स्तर पर नींव निर्माण हेतु सर्वे एवं विस्तृत प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में नींव स्तर का निर्धारण हेतु बोरिंग का कार्य किया जाना है। इसके उपरांत आवश्यक प्रशासकीय स्वीकृति की कार्यवाही पूर्ण कर शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण उप संभाग गरियाबंद ने बताया कि शासन एवं जिला प्रशासन इस विषय को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और पुल निर्माण को प्राथमिकता में रखा गया है। पुल बनने से न केवल विद्यार्थियों बल्कि आम जनों को भी आवाजाही में सुगमता मिलेगी। साथ ही, ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में आने वाली समस्याओं से स्थायी समाधान प्राप्त होगा। पैरी नदी पर पुल निर्माण का कार्य शासन की प्राथमिकता में है और शीघ्र ही इसका कार्य विधिवत प्रारंभ होगा।



