जशपुर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में चल रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 19 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इनमें से चार गौ तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जबकि एक मामले में आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
थाना तुमला क्षेत्र की कार्रवाई:
थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत 7 अक्टूबर को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति गंझियाडीह से उड़ीसा की ओर पैदल 15 नग गौवंशों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना तुमला और फरसाबहार पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर गौवंशों को मुक्त कराया।
पुलिस ने मौके से चार आरोपियों —
- कुमार यादव (38 वर्ष), निवासी अम्बाकछार, थाना फरसाबहार
- राजकुमार साय (45 वर्ष), निवासी डुमरिया, थाना फरसाबहार
- उपेन्द्र यादव (47 वर्ष), निवासी जामझोर, चौकी कोतबा, जिला जशपुर
- रोहित यादव (35 वर्ष), निवासी जामझोर, चौकी कोतबा, जिला जशपुर
को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन गौवंशों को उड़ीसा राज्य के सिकाजोर गांव में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। उनके विरुद्ध थाना तुमला में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी फरसाबहार उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत, आरक्षक बलराम साय पैंकरा, संतोष राम, सुरेश मिंज, ईश्वर साय पैंकरा, नगर सैनिक शिव नंदन राम और सुधीर राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिटी कोतवाली जशपुर की कार्रवाई:
वहीं, सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र में भी 8 अक्टूबर को पुलिस ने ग्राम सिटोंगा, बरपानी से 4 नग गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया। हालांकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसएसपी का बयान:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में कुल 19 गौवंशों को मुक्त कराया गया है और चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी रहेगा।



