नारायणपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा पूरे देश में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नारायणपुर जिले में भी नए जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी के निर्देशानुसार नारायणपुर जिले में रायशुमारी के लिए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक सैयद अजमतुल्ला हुसैनी, विधायक कुंवर निषाद (गुंडरदेही) और विधायक रामकुमार यादव (चंद्रपुर) को भेजा गया है।
ये तीनों पर्यवेक्षक जिला मुख्यालय में दो दिनों से चल रही बैठकों में जिले के सभी ब्लॉक कांग्रेस, शहर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। यह रिपोर्ट जल्द ही दिल्ली पार्टी संगठन को भेजी जाएगी, जिसके बाद नए जिला अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
चार नेताओं के नाम प्रमुख दावेदार के रूप में उभरे
1. अमित भद्र (युवा नेता – सामान्य वर्ग):
छात्र राजनीति से शुरुआत कर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के निर्वाचित जिला अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव एवं बस्तर संभाग प्रभारी रह चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आयोजक समिति सदस्य के रूप में सक्रिय रहे। पार्षद के रूप में सफल जनप्रतिनिधित्व किया और राहुल गांधी के हाथों सर्वश्रेष्ठ युवा कांग्रेस एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पुरस्कार प्राप्त किया। संगठनात्मक कार्य और युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए इनकी दावेदारी सबसे प्रबल मानी जा रही है। इनको संगठन चलाने का भी अच्छा खासा अनुभव है।
2. पंडीराम वड्डे (आदिवासी किसान नेता):
लंबे समय से संगठन में कार्य , जनपद पंचायत अध्यक्ष और विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर चुके हैं। आदिवासी समाज में अच्छी पकड़ और संगठनात्मक अनुभव के कारण इनका नाम भी मजबूत दावेदारों में शामिल है।
3. राजेश दिवान (वरिष्ठ नेता – सामान्य वर्ग):
प्रदेश कांग्रेस सदस्य, छत्तीसगढ़ ,प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं जिला कांग्रेस पदाधिकारी रह चुके हैं। चुनाव संचालन और संगठनात्मक कार्यों में व्यापक अनुभव रखते हैं।
4. शेख तोहिद (अल्पसंख्यक वर्ग):
जिला कांग्रेस महासचिव सहित अन्य दायित्वों पर कार्यरत रहे हैं। पार्टी कार्यालय और चुनाव प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सामाजिक और राजनीतिक कार्यों का अनुभव इन्हें भी प्रबल उम्मीदवारों में शामिल करता है।
पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर नारायणपुर को इन चार नेताओं में से किसी एक के रूप में नया जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिलेगा। घोषणा राष्ट्रीय स्तर से शीघ्र की जाएगी।



