अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर/कोटा। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बछली खुर्द में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को नशा मुक्ति अभियान के तहत एक भव्य और जागरूकता से परिपूर्ण विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में ग्राम पंचायत बछली खुर्द की सैकड़ों माताएं, बहनें, पुरुष, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, जनपद सदस्य, सरपंच, वरिष्ठ नागरिकगण सहित रतनपुर पुलिस बल की भी विशेष उपस्थिति रही।
रैली का शुभारंभ ग्राम पंचायत भवन से किया गया, जहाँ उपस्थित जनसमूह ने “नशा छोड़ो – जीवन संवारो”, “स्वस्थ समाज, खुशहाल परिवार” जैसे नारों के साथ पूरे गाँव में जागरूकता संदेश फैलाया। रैली में शामिल बच्चों और महिलाओं ने हाथों में तख्तियाँ लेकर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सरपंच एवं ग्रामीण जनों ने कहा कि नशा समाज की जड़ को खोखला कर रहा है, जिससे न केवल आर्थिक हानि होती है बल्कि पारिवारिक टूटन और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयाँ भी जन्म लेती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित रतनपुर थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव नशे के खिलाफ अभियान चलाने और दोषियों पर कार्रवाई के लिए तत्पर है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा व रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
रैली के समापन पर ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से नशा न करने और दूसरों को भी इससे दूर रहने की शपथ ली।
इस पूरे आयोजन ने गाँव में एक नई चेतना का संचार किया और यह संदेश दिया कि अगर समाज एकजुट हो जाए तो नशे जैसी बुराई को समाप्त करना संभव है।




