गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर :-
जशपुर। जशपुर पुलिस की ऑपरेशन शंखनाद मुहिम के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। चौकी सोनक्यारी पुलिस ने 11 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई बृंदाटोली जंगल, थाना क्षेत्र सोनक्यारी में की गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अक्टूबर 2025 की सुबह ग्राम पंडरसिली के कोटवार मुन्ना राम ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ व्यक्ति एक पिकअप वाहन में ठूंस-ठूंसकर गौवंशों को भरकर जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उन्हें उतार रहे हैं। सूचना मिलते ही सोनक्यारी चौकी प्रभारी एएसआई वैभव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि जंगल में 11 नग गौवंश लावारिस अवस्था में खड़े हैं, जिनके पैरों में रस्सियां बंधी हुई थीं। पुलिस को देख आरोपी तस्कर मौके से फरार हो गए। सभी गौवंशों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया।
घटना के संबंध में चौकी सोनक्यारी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गौवंशों की बरामदगी और कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज और वीरेंद्र तेंदुआ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि “जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। गौ तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”



