गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर। जिले में हाइवे पैट्रोलिंग वाहन चालक आरक्षक विकास टोप्पो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। नशे की हालत में सरकारी वाहन चलाकर गंभीर दुर्घटना कराने के आरोप में पुलिस ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरोपी आरक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
घटना 15 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे लोरो घाट के पास हुई। प्रार्थी कल्याण केरकेट्टा ने थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता हिलारियूस एक्का स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी सरकारी हाइवे पैट्रोलिंग अर्टिगा वाहन क्रमांक CG03–8574 ने उन्हें तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि घायल हिलारियूस एक्का का दाहिना पैर घुटने से अलग हो गया। परिजन उन्हें तुरंत जशपुर अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत के कारण अंबिकापुर रेफर किया गया।
आरक्षक विकास टोप्पो पर FIR
दुर्घटना के बाद दुलदुला पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ
BNS की धारा 281 व 128(a)
के तहत अपराध दर्ज किया है।
जांच में पुष्टि हुई कि घटना के दौरान सरकारी हाइवे पैट्रोलिंग वाहन वही आरक्षक चला रहा था। शराब सेवन की आशंका पर उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें पुष्टि मिली कि वह नशे में वाहन चला रहा था।
गिरफ्तारी और निलंबन
पुलिस ने आरक्षक विकास टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
SSP शशि मोहन सिंह ने उसे तत्काल निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में वह केवल “जीवन निर्वाह भत्ता” का पात्र होगा।
इसके अलावा विभागीय जांच भी संस्थित की जाएगी।
SSP का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा—
“कानून सभी के लिए समान है। आरोपी आरक्षक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है, उसे गिरफ्तार कर विधि अनुसार कार्रवाई जारी है।”
जशपुर पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।



