अमित दुबे की रिपोर्ट :-
रतनपुर। नगर के वार्ड नंबर 2 गांधीनगर क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक गंभीर मारपीट की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। होटल में काम करने वाले रतनलाल कोल (पुत्र रामकुमार कोल), जो मजबूरीवश रोज़ी-रोटी के लिए होटल में कार्य करते हैं, उन पर गांधीनगर के निवासी विष्णु यादव और राहुल यादव ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में घर के पास गाली-गलौज कर रहे थे। इस पर रतनलाल कोल ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपियों ने उल्टा उनसे ही बहसबाजी शुरू कर दी और देखते ही देखते अश्लील गालियाँ देते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने रतनलाल को जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में रतनलाल के सिर पर गहरी चोट आई है, साथ ही दाहिनी आंख, हाथ और सीने पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी विनोद मराठा (पुत्र मंजी राव मराठा) ने बताया कि दोनों आरोपी नशे की हालत में थे और बिना किसी उकसावे के रतनलाल पर टूट पड़े।
अवैध शराब बिक्री बनी मुख्य वजह
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस प्रकार की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इसका मुख्य कारण गांधीनगर क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध शराब है। हैरानी की बात यह है कि यह अवैध शराब बिक्री रतनपुर थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर धड़ल्ले से चल रही है। क्षेत्रवासियों ने कई बार इसकी शिकायत पुलिस थाना रतनपुर में की है, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब के कारण नशेड़ी युवकों में अपराध की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ती जा रही है। रतनलाल कोल पर हुआ यह हमला इसी बढ़ती समस्या का ताजा उदाहरण है।

पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते अवैध शराब पर कार्रवाई की गई होती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। रतनपुर थाना के नजदीक ही अवैध शराब की बिक्री होना पुलिस की लापरवाही को दर्शाता है।
फ़िलहाल पीड़ित रतनलाल कोल का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने हमले की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू होने की बात कही है। लेकिन क्षेत्रवासी चाहते हैं कि सिर्फ जांच नहीं, बल्कि ठोस और कड़ी कार्रवाई हो, ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से तत्काल अवैध शराब बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



