विकास भुवाल ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट से:-
बेमेतरा : इस वर्ष धान खरीदी प्रक्रिया में बेमेतरा जिला किसानों के लिए राहत और विश्वास दोनों लेकर आया है। छत्तीसगढ़ शासन की किसान हितैषी नीतियों, जिला प्रशासन की सक्रिय मॉनिटरिंग और तकनीक आधारित सुविधाओं ने खरीदी व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया है।
कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा समितिवार समीक्षा, ऑनलाइन टोकन प्रणाली की सख्त निगरानी,गुणवत्तापूर्ण बारदाना उपलब्धता और त्वरित भुगतान व्यवस्था ने इस बार के खरीदी सीजन को किसानों के लिए बेहद सहज बना दिया है।
आज खरीदी के पांचवें दिन ग्राम सौवरी के किसान गणेश सिन्हा ने अपने धान का विक्रय करते हुए कुल 130 क्विंटल धान बेचकर प्रसन्नता व्यक्त की।उन्होंने बताया—“इस बार पूरी प्रक्रिया में न तो भागदौड़ हुई, न कोई असुविधा। टोकन समय पर मिला, बारदाना अच्छा मिला, और अधिकारियों की मौजूदगी ने व्यवस्था को पूरी तरह अनुशासित रखा। वर्षों बाद इतनी पारदर्शी व्यवस्था देखने को मिली है।”
गणेश सिन्हा ने कहा कि पहले टोकन और तौल के इंतजार में किसानों को पूरा दिन लग जाता था, लेकिन इस वर्ष ‘टोकन तुहर हाथ’ ऐप से घर बैठे टोकन प्राप्त कर पा रहे हैं जिससे समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय,छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा—
इस बार वाकई किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी गई है। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और भरोसेमंद है।
बेहतर सुविधाओं से बढ़ा किसानों का भरोसा
इस खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में जिले भर के खरीदी केंद्रों में बारदाना, तौल, परिवहन और भुगतान की व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।कृषि विभाग और समितियों की टीम प्रतिदिन मैदान में मौजूद रहकर सुनिश्चित कर रही है कि–धान का त्वरित तौल हो,किसानों को लाइन में खड़े न रहना पड़े,भुगतान समय पर मिले,और वातावरण अनुशासित बना रहे।गणेश सिन्हा ने बताया कि इस साल खरीदी केंद्रों में अनुशासन, स्पष्ट व्यवस्था और तकनीकी सुविधा ने किसानों का भरोसा और भी मजबूत किया है।



