गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
छत्तीसगढ़ राज्य में धान खरीदी प्रक्रिया के शुरू होने के साथ ही जशपुर पुलिस ने किसानों को साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने किसानों को चेतावनी दी है कि वे अपने बैंक खाता और OTP संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर किसी को धोखाधड़ी या ठगी का सामना करना पड़े तो तुरंत नजदीकी थाना या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
पुलिस ने बताया कि सायबर ठग अक्सर पहले किसान का विश्वास जीतते हैं और फिर धीरे-धीरे बैंक संबंधी जानकारी मांगते हैं। सामान्य तरीके इस प्रकार हैं:
- फर्जी कॉल: ठग बैंक अधिकारी, समिति कर्मचारी या सरकारी विभाग के अधिकारी बनकर कॉल कर कहते हैं कि आपका भुगतान रुका हुआ है या खाता लिंक नहीं है।
- फर्जी संदेश/लिंक: WhatsApp, SMS या Telegram पर लिंक भेजकर क्लिक करवाना और मोबाइल में वायरस या फ्रॉड एप इंस्टॉल करवाना।
- OTP और PIN मांगना: खाते की पुष्टि के लिए OTP या UPI PIN मांगना और उसका दुरुपयोग करना।
- स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल करवाना: AnyDesk, TeamViewer, QuickSupport जैसे ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल स्क्रीन पर नियंत्रण।
साझा न करने योग्य जानकारी:
OTP, ATM/Debit कार्ड नंबर, CVV, UPI PIN, आधार OTP, बैंक ऐप पासवर्ड और कोई भी संदिग्ध लिंक।
सुरक्षित रहने के उपाय:
- केवल आधिकारिक बैंक शाखा या समिति कार्यालय में जानकारी सत्यापित करें।
- मोबाइल में UPI लिमिट कम रखें और बायोमेट्रिक लॉक सक्रिय करें।
- मोबाइल नंबर और आधार केवल सरकारी प्लेटफॉर्म पर अपडेट करें।
- अनजान नंबर की कॉल या मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें।
- WhatsApp प्रोफाइल फोटो, ई-केवाईसी दस्तावेज और आधार कार्ड बिना जरूरत साझा न करें।
ठगी होने पर:
यदि ठगी होती है या किसी कॉल पर संदेह हो तो राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in या नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल को तुरंत सूचना दें।



