गणेश भोय ब्यूरो चीफ जशपुर:-
जशपुर : जशपुर पुलिस ने एक शादीशुदा महिला की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी सोलेमान शेख, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम खरीदपुर, थाना सती, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) था, जो घटना दिनांक से ही फरार था।
मामला थाना फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के घर में पलास्तर का काम करता था। काम के दौरान उसने महिला से दोस्ती कर ली और वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील फोटो खींच ली। महिला द्वारा दोस्ती खत्म किए जाने के बाद, आरोपी ने फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दी।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने बी एन एस की धारा 79 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी कोलकाता में छिपा हुआ था, लेकिन पुलिस टीम की लगातार पतासाजी और तकनीकी सहयोग से उसे उड़ीसा के खम्हार, जिला अंगुल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने प्यार का झांसा देकर वीडियो कॉल के दौरान महिला की अश्लील फोटो खींची थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस गिरफ्तारी में निरीक्षक संदीप कुमार कौशिक, उप निरीक्षक सुरजन राम पोर्ते, प्रधान आरक्षक अमरनाथ पैंकरा, रिझन राम और साइबर सेल के आरक्षक संदीप पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि इस तरह के अपराधों में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।



