याद राम साहू
गुंडरदेही : गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर गुंडरदेही विधायक माननीय श्री कुंवर सिंह निषाद ने आज जिला पुलिस अधीक्षक बालोद को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मामलों में तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की मांग की।
विधायक श्री निषाद ने ज्ञापन के माध्यम से गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाबालिग बालिकाओं के साथ घटित बलात्कार की घटनाओं को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी (क), ग्राम परसदा (डंग), रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (मोखा) तथा अर्जुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम परसतराई में नाबालिग लड़कियों के साथ हुई घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं। इन मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब बेटियां अपने ही गांव और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं, तो महिला सुरक्षा के दावों की वास्तविकता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ऐसी घटनाओं में त्वरित विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़िताओं को सुरक्षा एवं न्याय और समयबद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
विधायक ने ग्राम राहुद में अवैध शराब बिक्री का मामला उठाते हुए कहा कि गांवों में अवैध शराब का कारोबार सामाजिक वातावरण को दूषित करने के साथ-साथ अपराध और अशांति को भी बढ़ावा देता है। अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई के साथ इस नेटवर्क को संरक्षण देने वालों की भी जांच होनी चाहिए। केवल दिखावटी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा।
इसके साथ ही सनौद चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत सियनमरा की अनुसूचित जाति वर्ग की महिला सरपंच श्रीमती मंजू महिलांगे को उपसरपंच एवं पंचों द्वारा कथित जातिगत प्रताड़ना का मामला भी विधायक ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाया। प्रताड़ना से आहत होकर उनके द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना अत्यंत गंभीर है। विधायक ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित महिला को न्याय एवं सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।
विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि महिलाओं और मासूम बच्चियों के विरुद्ध अपराध, अवैध शराब का कारोबार तथा अनुसूचित जाति की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि के साथ कथित जातिगत उत्पीड़न जैसे मामले किसी भी सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना भी है।

विधायक ने प्रदेश के गृहमंत्री एवं बालोद जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा का ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि गुंडरदेही विधानसभा सहित पूरे बालोद जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। महिला एवं बालिका सुरक्षा, अवैध शराब पर अंकुश और जातिगत प्रताड़ना के मामलों में पुलिस प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों में कानून का भय और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास होना चाहिए। यदि गंभीर अपराधों के मामलों में समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है, तो इससे अपराधियों के हौसले बढ़ते हैं और जनता का पुलिस प्रशासन से भरोसा कमजोर होता है।
श्री निषाद ने पुलिस अधीक्षक से सभी मामलों में निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए
विशेष निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की मांग की।
पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक माननीया श्रीमती अनिला भेड़िया जी ने कहा कि क्षेत्र की जनता, बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही के अध्यक्ष श्री कचरू साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष श्री अंचल प्रकाश साहू,नगर पालिका बालोद के नेता प्रतिपक्ष श्री कासिमुद्दीन कुरैशी,पार्षद श्री विनोद बंटी शर्मा सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे।




