जशपुर। जशपुर जिले के बालाछापर क्षेत्र में आज सुबह एक ट्रक चालक द्वारा 13 लाख रुपये की कथित लूट की घटना सामने आई है। हालांकि घटना को लेकर चालक के बयान में कई गंभीर विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस लूट और फर्जीवाड़े—दोनों एंगल से जांच कर रही है।
कैसे हुई कथित लूट?
रांची से माल खाली कर और आलू लोड कर लौट रहा ट्रक (क्रमांक CG14-MT-6190) सुबह करीब 6 बजे बालाछापर के पास रुका था। चालक के अनुसार, वह लघुशंका के लिए नीचे उतरा ही था कि तभी पीछे से एक चार पहिया वाहन रुका। उसमें सवार चार लोगों ने कथित तौर पर उसे पकड़कर हाथ-पैर बांध दिए और डंडे व पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद ट्रक में रखे 13 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
कुछ देर बाद उसका मोबाइल डोडकचौरा ढाबा के पास गिरा मिला।
चालक के बयान में उलझी कहानी
पुलिस जब मौके पर पहुंची और ड्राइवर से पूछताछ की, तो कई बातें संदेह पैदा करने लगीं—
- चालक ने हाथ बांधने की बात कही, लेकिन हाथ पर कोई निशान नहीं था।
- उसने डंडे और पत्थर से चोट पहुंचाने का दावा किया, जबकि मेडिकल जांच में कोई चोट नहीं पाई गई।
- उसने बताया कि उसे जमीन पर गिराया गया था। उस समय ओस गिर रही थी, लेकिन उसके कपड़े गीले नहीं थे, न ही घास के निशान मिले।
- बयान में कई बार वह हाथ आगे बांधने और फिर पीछे बांधने की अलग-अलग जानकारी देता रहा।
इन विरोधाभासों के कारण पुलिस लूट के साथ-साथ किसी साजिश या फर्जीवाड़े की संभावना पर भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई तेज
- चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
- साइबर टीम CCTV फुटेज खंगाल रही है।
- कुछ पुलिस टीमें झारखंड की ओर रवाना हुई हैं।
- चालक के विरोधाभासी बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
एसएसपी का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा—
“प्रार्थी के बयान के आधार पर लूट के सभी संभावित एंगल पर प्रोफेशनल तरीके से काम हो रहा है। यदि घटना वास्तविक है, तो लुटेरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”



