जशपुर | लोदाम थाना क्षेत्र में नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपये की ठगी का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के पास से नकली सोने की बिस्किट, मोबाइल फोन और घटना में उपयोग की गई क्रेटा कार भी जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में कलाम खान (26), शंकर लाल भगत (45) और बिहारी तिर्की (55) शामिल हैं, सभी ग्राम करकली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर के निवासी हैं। इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कैसे हुआ खुलासा
ग्राम साईं टांगर टोली निवासी फरियादी फिरोज हजाम ने पुलिस को बताया कि आरोपी कलाम खान ने उसे साढ़े चार सौ ग्राम सोने जैसी दिखने वाली बिस्किट बेचने की पेशकश की थी। वीडियो कॉल पर बिस्किट दिखाए जाने के बाद दोनों के बीच 10 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
1 दिसंबर को आरोपी अपने दो साथियों के साथ जामटोली-भलमंडा पहुंचे और फिरोज से एडवांस के रूप में 10 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद जब सुनार से बिस्किट की जांच कराई गई तो पता चला कि वह पूरी तरह नकली है।
इस पर आरोपियों ने फिरोज को धमकाते हुए कहा कि या तो 10 लाख रुपये देकर “सोना” ले जाए, या एडवांस राशि भूल जाए। फिरोज ने तत्काल लोदाम पुलिस को फोन कर सूचना दी।
पुलिस की तत्परता में फंसे आरोपी
सूचना मिलते ही लोदाम थाना स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की कोशिश स्वीकार की और बताया कि नकली बिस्किट उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से लिया था। उसके संबंध में भी जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहना
गिरफ्तारी और कार्यवाही में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक सुशील एक्का और अमर मिंज की विशेष भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि नकली सोने के नाम पर ठगी करने की कोशिश करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।



