याद राम साहू की रिपोर्ट :-
गुण्डरदेही। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को ग्राम सकरौद में एक दिवसीय भव्य मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं मंडलेश्वर सिन्हा समाज अर्जुन्दा के जसवंत सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन में युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत महिला वर्ग के लिए 5 किलोमीटर तथा पुरुष वर्ग के लिए 7 किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को खेल, स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना रहा।

मुख्य अतिथि जसवंत सिन्हा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का बेहतर मंच मिलता है।
उन्होंने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैराथन प्रतियोगिता ने ग्रामीण अंचल में खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।




