सरफराज अंसारी की रिपोर्ट बीजापुर से
बीजापुर। जिले के दूरस्थ नेशनल पार्क क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और क्षेत्र में विकास एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 1 नवंबर 2026 को कलेक्टर विश्वदीप एवं पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्राम पील्लूर का दौरा कर जन-चौपाल आयोजित की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जन-चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों को खेती-किसानी से जुड़े शासकीय प्रावधानों, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही क्षेत्र में स्कूल खोलने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। किसानों को धान बिक्री के लिए पटवारी के माध्यम से पंजीयन कराने की प्रक्रिया समझाई गई। मौके पर मौजूद पटवारी को ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
नवीन थाना जल्द शुरू करने की दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीणों को ग्राम पील्लूर में स्वीकृत नवीन थाने को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान ग्रामीण युवाओं को बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती के जारी विज्ञापन के संबंध में भी जानकारी दी गई।

बच्चों को बांटे गुब्बारे, बिस्किट और चॉकलेट
जन-चौपाल के दौरान बच्चों को गुब्बारे, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में पील्लूर के जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत बड़े काकलेर के सरपंच एवं पंचगण ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत किया।
सुरक्षा कैंपों का किया निरीक्षण
दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा कैंप कांडलापर्ती-2 एवं पील्लूर का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंपों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स राहुल बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े, एसडीएम भोपालपटनम भूपेंद्र गावड़े, तहसीलदार भोपालपटनम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन एवं पुलिस की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना तथा सुरक्षा एवं विकास कार्यों के माध्यम से आमजन में विश्वास का वातावरण मजबूत करना है।




