अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसाझार में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के पूर्व उपसरपंच सूर्य प्रकाश बघेल (37 वर्ष) पिता दशरथ बघेल की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई। उनकी लाश आज सुबह भैंसाझार के घने जंगल में झाड़ियों के बीच नाली में खून से सनी हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
दोपहर घर से निकले, शाम तक नहीं लौटे
मिली जानकारी के अनुसार, सूर्या प्रकाश बघेल 3 दिसंबर को दोपहर लगभग 12 बजे घर से किसी जरूरी काम के लिए निकले थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। लगभग शाम 6 बजे मृतक का मोबाइल अचानक बंद हो गया, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई। परेशान परिजनों ने उसी रात रतनपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस और परिजनों द्वारा लगातार तलाश शुरू की गई।
जंगल में छिपी मिली बाइक, 200 मीटर भीतर मिला शव
आज सुबह परिजन खोजबीन करते हुए जब भैंसाझार जंगल की ओर पहुंचे, तो वहां उन्हें मृतक की पेशन बाइक (क्रमांक सीजी 11 बीएल 6975) जंगल के अंदर संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। बाइक देखकर परिजनों की आशंका और पुख्ता हो गई। इसके बाद करीब 200 मीटर अंदर झाड़ियों के बीच खून से सनी नाली में सूर्या प्रकाश का शव मिला। शव की हालत देखकर यह स्पष्ट था कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है।
शव देखते ही परिजन बदहवास हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस को दी गई।

पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी एसआई कमलेश बंजारे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। कुछ ही देर में कोटा एसडीओपी लालचंद मोहल्ले भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड को बुलाया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
खून लगा डंडा और रापा का बेंट मिला
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर खून से सना एक डंडा और रापा का बेंट भी बरामद हुआ है। पुलिस का मानना है कि इन्हीं हथियारों से हत्या को अंजाम दिया गया हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद शव को घसीटकर झाड़ियों के बीच एक गड्ढेनुमा स्थान में फेंककर छिपाने की कोशिश की गई थी।

परिचितों पर भी बढ़ा शक
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर 12 बजे के बाद मृतक किन-किन लोगों के संपर्क में था, इस दिशा में पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। मौत से पहले मृतक ने किसी का भी फोन रिसीव नहीं किया और शाम होते-होते मोबाइल बंद हो गया। इससे यह आशंका गहराती जा रही है कि हत्या में किसी नजदीकी परिचित की भूमिका हो सकती है।
क्षेत्र में आक्रोश, पूर्व उपसरपंच थे मृतक
मृतक सूर्या प्रकाश बघेल पूर्व में ग्राम पंचायत भैंसाझार के उपसरपंच रह चुके थे और सामाजिक रूप से गांव में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा थी। उनकी हत्या की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा करने में जुटी पुलिस
रतनपुर पुलिस के लिए यह मामला एक बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस अब मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और डॉग स्क्वॉड की मदद से अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एसडीओपी ने भरोसा दिलाया है कि हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर एंगल से गहन जांच जारी है।
पूरे क्षेत्र की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि आखिर इस जघन्य हत्याकांड के पीछे कौन है और कब तक आरोपी सलाखों के पीछे पहुंचेंगे।



